कन्नौज: प्रशिक्षु आईएएस अफसर ने दिए एस आई आर में सावधानी से मैपिंग के निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026  का कार्य जनपद में पूर्ण सक्रियता से संचालित है। वर्ष 2025 की मतदाता सूची में चिन्हित ऐसे सभी मतदाताओं का डेटा, जिनका स्वयं अथवा उनके परिजनों का नाम वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में उपलब्ध था और जिसका बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन कर मैपिंग किया गया था, अब भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ एप्प पर उपलब्ध करा दिया गया है। यह बात जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में एसआईआर मैपिंग के संबंध में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान कही। 

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ एप्प  के एडिट विकल्प के माध्यम से वर्ष 2003 की सूची के अनुरूप ऑनलाइन मैपिंग का कार्य कर रहे हैं। जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 तथा वर्ष 2025 दोनों की मतदाता सूची में पाया जाता है, उन्हें सेल्फ श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है, जबकि जिनका नाम 2003 की सूची में उपलब्ध नहीं है, वे प्रोजनी श्रेणी में दर्ज किए जा रहे हैं। नो मैपिंग श्रेणी में आने वाले मतदाताओं को आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार नोटिस जारी किया जाएगा। वर्ष 2003 मतदाता सूची के अनुसार 292 कन्नौज, 293 उमर्दा, 294 छिबरामऊ तथा 295 कमालगंज विधानसभा क्षेत्र सम्मिलित थे, जिनकी आधार सूची को इस प्रक्रिया में संदर्भ के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है।

मतदाता का विवरण भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर सर्च कर सत्यापित किया जा सकता है। इसी प्रकार एस आई आर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ एप्प पर गणना प्रपत्र भरने एवं फोटो परिवर्तन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन किया जा सके।

 जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कन्नौज के सभी बूथ लेवल अधिकारी प्रशिक्षित, दक्ष तथा मेहनती हैं और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में बीएलओ के सहयोग के लिए लगाए गए अन्य अधिकारियों द्वारा भी गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग की दिशानिर्देशों के अनुरूप मैपिंग प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को विधिवत नोटिस भेजा जाएगा।

 इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वि0/ रा0)  देवेन्द्र सिंह, जिला विकास अधिकारी  नरेंद्र देव द्विवेदी, उपायुक्त स्वतः रोजगार राजकुमार लोधी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण एवं समीक्षा सत्र का संचालन तहसीलदार सम्बध्द अभिनव कुमार वर्मा ने किया।