अधिकारियों के संयुक्त चेकिंग अभियान में 7 ट्रक सीज : 1.82 लाख जुर्माना

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिले में माल वाहनों पर निगरानी और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत के नेतृत्व में की गई, जिनके साथ अमित त्यागी, सहायक आयुक्त (राज्य कर), सचल दल फतेहगढ़ की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर गुज़र रहे माल वाहनों की गहनता से जांच की। इसी क्रम में एक ट्रक बिना राज्य कर (जीएसटी) प्रपत्र के लोहे का स्क्रैप ढोते हुए पकड़ा गया। दस्तावेज़ों में भारी अनियमितता पाए जाने पर इस ट्रक को तत्काल सातनपुर मंडी में सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध प्रपत्र के माल परिवहन राजस्व हानि के साथ गंभीर कानूनी उल्लंघन है, जिस पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चेकिंग अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करते हुए चार ट्रक ओवर-हाईट पाए गए, जिनमें निर्धारित सीमा से अधिक ऊँचाई तक सामान लदा था। यह न केवल परिवहन नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क हादसों और ओवरब्रिजों पर खतरा भी बढ़ाता है। इसलिए इन सभी चारों ट्रकों को कानून के तहत सीज कर दिया गया। इसी तरह दो ट्रक ओवरलोड अवस्था में पकड़ में आए, जिन पर भी तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया। परिवहन विभाग द्वारा जारी विवरण के अनुसार, आज की इस संयुक्त चेकिंग में कुल 15 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 1.82 लाख रूपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 68 हजार रूपये का राज्य कर (टैक्स) भी मौके पर जमा कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई न केवल नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए है, बल्कि उन वाहन चालकों व संचालकों के लिए भी चेतावनी है, जो जानबूझकर नियमों की अनदेखी करते हैं। विभागीय टीम ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था, कानून का पालन और राज्य राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने वाहन संचालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज़ साथ रखें और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही माल परिवहन करें।