बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रोहित भटारा ने जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया तथा प्रतीक चिन्ह (फ्लैग) लगाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
देश की सशस्त्र सेनाओं के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी ने दानपात्र में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि झण्डा दिवस हमें देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों और राष्ट्रसेवा में निरंतर तत्पर पूर्व सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। प्रत्येक नागरिक को उनके सम्मान एवं कल्याण के लिए यथासंभव सहयोग करना चाहिए।

