फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम फतेहगढ़ की टीम के सतेन्द्र यादव ने थाना राजेपुर के गांव जैनापुर के ग्राम प्रधान की चौपाल पर ग्रामवासियों समेत छात्र छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान थाना साइबर क्राइम के सतेन्द्र कुमार और उनकी टीम ने ग्राम वासियों व विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने बताया कि साइबर ठगी, फेक कॉल, फिशिंग लिंक, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग और बैंकिंग धोखाधड़ी किस प्रकार की जा रही है और इनसे कैसे बचा जा सकता है। पुलिस टीम ने ग्राम वासियों व विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि अपने मोबाइल फोन, बैंक विवरण, ओटीपी, पासवर्ड आदि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। टीम ने सलाह दी कि छात्र स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवारजनों, पड़ोसियों एवं मित्रों को भी साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी दें ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराध से सुरक्षित रह सकें। साइबर अपराध से पीड़ित होने की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने और ूूण्बलइमतबतपउमण्हवअण्पद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा, थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार सिंह व साइबर क्राइम से सतेन्द्र सिंह यादव मौजूद रहे।
जैनापुर गांव पहुंची साइबर क्राइम पुलिस : साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक