अधिकारियों की संयुक्त टीम का खाद की 38 दुकानों पर छापा : 4पर कार्यवाही

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  कृषि विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कृषकों को गुणवत्तायुक्त एवं निर्धारित मूल्य पर यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु जनपद की समस्त तहसीलों में छापेमारी की।
जिला कृषि अधिकारी बी० के० सिंह ने बताया कि तहसील कायमगंज में उप कृषि निदेशक व अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी, तहसील सदर में जिला कृषि अधिकारी व सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता एवं तहसील अमृतपुर में उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी सदर व अपर जिला कृषि अधिकारी द्वारा छापे की कार्यवाही सुनिश्चित की गयी।
उन्होंने बताया कि जाँच टीम द्वारा उर्वरक के 38 प्रतिष्ठानों पर छापे की कार्यवाही करते हुए 6 संदिग्ध नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु ग्रहित किये गये है, बिना किसी सूचना के प्रतिष्ठान बंद कर गायब होने के कारण 4 खाद विक्रेताओं के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया। संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की दशा में लाइसेंस समाप्ति के साथ विधिक कार्यवाही भी की जायेगी एवं नमूनों को जाँच हेतु प्रदेश की प्रयोगशालाओं में भेजा जाएगा। परीक्षण परिणाम अमानक पाये जाने पर लाइसेंस निरस्तीकरण के साथ ही विधिक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी। जनपद में यूरिया की लगातार आपूर्ति हो रही है अगले 3 दिवस के अन्दर इफको एवं सरदार यूरिया की रैंक जिले को मिल रही है।
वर्तमान में माह दिसम्बर के लक्ष्य के सापेक्ष 106 प्रतिशत यूरिया उपलब्ध है। पी०सी०एफ० के वफर गोदाम में आरक्षित 1350 मै०टन यूरिया को समितियों एवं इफको केन्द्र पर जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में लगातार भेजा जा रहा है। रैंक से प्राप्त होने वाली यूरिया को भी सीधे फुटकर विक्रेताओं के यहाँ भिजवाया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *