नगर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर चलाया गया “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) नगर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस द्वारा सख्त रुख अपनाया गया। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में नगर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल देने से साफ इनकार किया गया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। अभियान के दौरान यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार स्वयं पेट्रोल पंपों पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना हेलमेट पहने किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल न दिया जाए। उन्होंने कहा कि हेलमेट न पहनने के कारण सड़क हादसों में जान जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसे रोकना बेहद आवश्यक है।
यातायात प्रभारी ने वाहन चालकों को समझाते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षक सुरक्षा कवच है। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं की और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।
अभियान के दौरान कई ऐसे वाहन चालक देखे गए जो बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचे थे, लेकिन पेट्रोल न मिलने पर उन्हें मजबूरन वापस लौटना पड़ा। वहीं कुछ लोगों ने पास के बाजार से हेलमेट खरीदकर नियमों का पालन किया। इससे अभियान का तत्काल प्रभाव भी देखने को मिला।
पेट्रोल पंप संचालकों ने भी यातायात पुलिस के इस कदम का समर्थन किया और कहा कि वे नियमों का पूर्ण पालन करेंगे। यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने चेतावनी दी कि यदि किसी पेट्रोल पंप पर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *