‘‘नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान तेज‘‘
फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। एआरटीओ सुभाष प्रजापति, सीओ ट्रैफिक अजय वर्मा एवं यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ नगर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान चलाया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंप मालिकों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना हेलमेट के आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का अहम जरिया है, इसलिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। इस दौरान यातायात प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने अभियान के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहन चालकों के चालान भी किए। बिना हेलमेट, बिना कागजात एवं अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी इसी प्रकार सघन अभियान चलाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पेट्रोल पंपों पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस : कई वाहनों का किया गया चालान

