साइबर अपराध पर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)   जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर क्षेत्राधिकारी साइबर सेल की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण साइबर क्राइम कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य साइबर अपराधों से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम बनाना रहा।
इस कार्यशाला में जनपद के समस्त थानों पर गठित साइबर सेल के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नवीनतम साइबर अपराध की तकनीकों, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, हैकिंग और बैंकिंग फ्रॉड जैसे मामलों की विस्तृत जानकारी दी गई। क्षेत्राधिकारी साइबर सेल द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम के प्रभावी उपायों के साथ-साथ शिकायत मिलने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की रणनीतियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। अधिकारियों को बताया गया कि किस प्रकार समय रहते तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर अपराधियों तक पहुंच बनाई जा सकती है। कार्यशाला में यह भी बताया गया कि आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि लोग किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार होने से बच सकें। साथ ही, साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।