आढ़तियों ने मंडी सचिव के खिलाफ की नारेबाजी : कमालगंज नवीन मंडी का मामला

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  कमालगंज स्थित नवीन मंडी में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सब्जी आढ़तियों ने मंडी सचिव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आढ़तियों का आरोप है कि बिना उनकी सहमति के उन्हें मुख्य स्थान से हटाकर मंडी के पीछे स्थानांतरित किया जा रहा है, जिससे उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित होगा।
आढ़तियों ने बताया कि वर्षों से वे मंडी के मुख्य हिस्से में सब्जी का थोक व्यापार कर रहे हैं, लेकिन अब आलू की बिक्री शुरू होने के चलते सब्जी व्यापारियों को पीछे कर दिया गया है। सब्जी मंडी के लिए निर्धारित स्थान को अचानक आलू मंडी के लिए चयनित कर लिया गया, जिससे सब्जी व्यापारियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि मंगलवार से नवीन मंडी में आलू की खरीददारी शुरू की जा रही है, इसी कारण सब्जी आढ़तियों को जबरन हटाया जा रहा है। आरोप लगाया गया कि मंडी सचिव ने लॉटरी प्रणाली के माध्यम से सब्जी के थोक विक्रेताओं को मंडी कार्यालय के पीछे स्थान आवंटित कर दिया, जो कि न तो सुविधाजनक है और न ही व्यापार के अनुकूल। प्रदर्शन कर रहे आढ़तियों ने कहा कि मंडी के पीछे आवंटित स्थान पर न तो ग्राहकों की आवाजाही है और न ही वाहनों की सुचारु व्यवस्था। इससे न केवल उनकी बिक्री घटेगी बल्कि मजदूरों और किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
नाराज आढ़तियों ने मंडी सचिव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। सूचना मिलने पर मंडी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आढ़ती अपने फैसले पर अड़े रहे। आढ़तियों ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें पूर्व स्थान पर ही व्यापार करने की अनुमति नहीं दी गई, तो वे मंडी में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर न्यायोचित समाधान निकालने की मांग की है। फिलहाल कमालगंज नवीन मंडी में सब्जी और आलू व्यापार को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। अब देखना यह होगा कि मंडी प्रशासन और जिला प्रशासन इस विवाद को कैसे सुलझाता है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *