बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में लोक निर्माण विभाग द्वारा जनपद में संचालित निर्माण, नवनिर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जी०एस०एस०टी० मार्ग (कि.मी. 7) से गौरियापुर, जलालाबाद, गुगरापुर होते हुए गंगाघाट तक कुल 10.15 कि.मी. लंबाई में प्रस्तावित मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। बताया गया कि मार्ग पर 10.15 कि.मी. लंबाई में जी०एस०बी० का कार्य पूर्ण हो चुका है, 2.27 कि.मी. में सी०सी० एवं 2.27 कि.मी. में ई०टी०ए० का कार्य पूर्ण है, जबकि बी०सी० का कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने शेष बचे कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मार्ग जनसामान्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। जिलाधिकारी ने जी०टी० रोड कि.मी.-311 से सिकन्दरपुर, हयातनगर, रूपपुर, भावलपुर, कसावा होते हुए सी०एस०बी० रोड कि.मी.-5 तक कुल 5.570 कि.मी. लंबाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा की। मार्ग का मुख्य कार्य पूर्ण हो चुका है तथा पटरी आदि का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अलमापुर से चौखटा (चन्दपुरा सम्पर्क मार्ग) की कुल लंबाई 1.270 कि.मी. है, जहां सी०टी०एस०बी०, सी०टी०बी० एवं पी०सी० का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।हंसापुर–खलकपुरवा मार्ग के नवनिर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। नवनिर्माण योजना 2024-25 के अंतर्गत 1.10 कि.मी. लंबाई वाले इस मार्ग पर सी०टी०एस०बी०, सी०टी०बी० एवं पी०सी० का कार्य पूर्ण हो चुका है।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने तिर्वा मार्ग एन०एच०-234 पर स्थित शरीफापुर ग्राम से निर्माणाधीन टाइप-4 आवासों तक 460 मीटर लंबाई में सी०सी० रोड निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। मार्ग पर मिट्टी भराई, जी०एस०बी० एवं जी०-3 का कार्य पूर्ण है तथा सी०सी० कार्य अंतिम चरण में है।
इसके साथ ही तिर्वा–खैरनगर–औसेर–हमीरपुर मार्ग (अन्य जिला मार्ग) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य तथा तिर्वा–सरैया–इन्दरगढ़–गुनाह पुल होते हुए पल्यौरा मार्ग (माँ अन्नपूर्णा देवी एवं धौलेश्वर मंदिर मार्ग) के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इन मार्गों पर जी०एस०बी० एवं मिट्टी खुदाई का कार्य प्रगति पर पाया गया।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि जिन मार्गों पर विद्युत पोल शिफ्टिंग एवं लाइन स्थानांतरण की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि निर्माण कार्य बाधित न हों।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता एवं मानक का विशेष ध्यान रखा जाए, रोड को की ढलान सही दिशा में होनी चाहिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

