कन्नौज : अपर जिलाधिकारी ने बैठक कर सुनी पूर्व सैनिकों की समस्याएं

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला सैनिक बंधु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का उद्देश्य जनपद के पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से संबंधित समस्याओं की समीक्षा कर उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रोहित मटारा द्वारा पिछली बैठक में उठाए गए बिंदुओं के निस्तारण की प्रगति से अवगत कराया गया। इस अवसर पर कुल 10 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग से संबंधित 05, पुलिस विभाग से संबंधित 04 तथा शस्त्र लाइसेंस से संबंधित 01 प्रकरण सम्मिलित रहा।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी समस्याओं का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी प्रकरणों को आई०जी०आर०एस० पोर्टल के माध्यम से संबंधित विभागों को प्रेषित कर प्रभावी कार्यवाही कराई जाएगी, ताकि पूर्व सैनिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर शंकर सिंह, ऑनरी लेफ्टिनेंट विक्रम सिंह, सूबेदार श्याम सिंह, हवलदार दीपेन्द्र सिंह चौहान, हवलदार अनन्तराम, हवलदार शिवनन्दन, एएलडी अरुण कुमार सहित कार्यालय स्टाफ एवं जनपद के कुल 27 पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।