फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो ) विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच समाजवादी पार्टी ने बूथ स्तर पर अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। बयानबाजी के दौर के बीच पार्टी का जिला संगठन बूथों पर सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटा हुआ है।
पार्टी के जिला प्रवक्ता ने बताया कि जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव एवं जिला महासचिव इलियास मंसूरी के नेतृत्व में विधानसभा सदर क्षेत्र के बूथ संख्या 109, 110, 111, 112 एवं 113 पर वोटर लिस्ट की स्कैनिंग और सत्यापन का कार्य किया गया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ पर काम और वोटर लिस्ट स्कैनिंग चुनावी तैयारी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा पूरी स्थिति से जिला कार्यालय को अवगत कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोटर का सत्यापन और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाना प्राथमिकता होनी चाहिए। चाहे कोई बड़ा नेता हो या सामान्य कार्यकर्ता, अपने बूथ का वह स्वयं प्रभारी है। बीएलए के सहयोग से इस कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए।
जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि चुनाव जीतने की बुनियाद बूथ स्तर पर मजबूत संगठन है। उन्होंने कहा कि केवल दावों और चर्चाओं से सफलता नहीं मिलती। बूथ जीते बिना सीट जीतना संभव नहीं है और सीट जीते बिना सरकार बनाने का सपना अधूरा रहेगा। इसलिए यदि सरकार बनानी है तो पहले बूथ पर जीत सुनिश्चित करनी होगी।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला कोषाध्यक्ष, जिला सचिव विनीत परमार, विधानसभा सदर प्रभारी पवन कठेरिया, महानगर अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड शिवम पटेल, जिला महासचिव यूथ ब्रिगेड अर्चित शर्मा, प्रधान अमित कठेरिया, जिला सचिव निजाम अंसारी, ज़ियाउल हक, इमरान खान, शीलू खान सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

