फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत रविवार को कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र में एक विशेष जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय द्वारा की गई। चौपाल का मुख्य उद्देश्य समुदाय को, विशेष रूप से महिलाओं और छात्राओं को, उनके सुरक्षा संबंधी अधिकारों, कानूनों और अपराध-निरोध के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर ने उपस्थित महिलाओं, छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा या अपराध की स्थिति में महिलाएं बिना भय के पुलिस की सहायता ले सकती हैं। चौपाल में पुलिस टीम द्वारा महिला सुरक्षा कानून, घरेलू हिंसा अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, ईव-टीजिंग, साइबर क्राइम से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन नंबर 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग और महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि ये हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहती हैं और जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता प्रदान करती हैं। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय ने सभी से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी जागरूकता फैलाएं, ताकि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। जागरूकता चौपाल में स्थानीय पुलिसकर्मी, महिलाएं, छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मिशन शक्ति 5.0 : विशेष जागरूकता चौपाल का आयोजन : महिलाओं व छात्राओं को बताए गए सुरक्षा के गुर
