फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद के तत्वावधान में रविवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन मेला श्री रामनगरिया, पांचाल घाट स्थित सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार, अपर जनपद न्यायाधीशगण दीपेंद्र कुमार सिंह, मेराज अहमद, संजय कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट घनश्याम शुक्ला, सिविल जज जयवीर सिंह एवं दीपिका रानी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य शिव नरेश सिंह, सुरेन्द्र कुमार राणा, प्रशांत गुप्ता, परा विधिक वालंटियर्स नरेंद्र सिंह परिहार, यशपाल सिंह, देवराज सिंह, हेतराम, धनदेवी, अंजली, परिवार कल्याण समिति की सदस्याएं गुंजा जैन, भावना गुप्ता, मालती देवी, शिवांगी तिवारी, वाणी मिश्रा, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी फर्रुखाबाद के उपाध्यक्ष शीश मेहरोत्रा, जिला प्रशासन की डॉ. रंजना राणा तथा पत्रकार सतीश गुप्ता को जनपद न्यायाधीश द्वारा शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने उपस्थित जनमानस को प्राधिकरण के कार्यों एवं विभिन्न विधिक प्रावधानों की जानकारी देकर जागरूक किया। पर्व सचिव/अपर जनपद न्यायाधीश संजय कुमार ने अपने संबोधन में लोगों से अपील की कि वे शिविर से प्राप्त विधिक जानकारी को अपने पड़ोसियों एवं रिश्तेदारों तक भी पहुंचाएं। वहीं अपर जनपद न्यायाधीश मेराज अहमद ने गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
जनपद न्यायाधीश श्री नीरज कुमार ने अपने उद्बोधन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों की सराहना करते हुए आमजन से विधिक सहायता योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर सचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने अधिवक्ता जवाहर सिंह गंगवार, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सुरेंद्र कुमार राणा, उपस्थित न्यायाधीशगण, अधिवक्ता एवं जनमानस का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान जादूगर गोगा ने अपने जादुई करतबों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे शिविर का माहौल और भी आकर्षक बन गया।
विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन
