बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद कन्नौज में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में दिनांक 27.01.2026 से 02.02.2026 तक प्राप्त प्रपत्र-6, 7 एवं 8 की सूचियाँ निर्धारित फॉर्मेट-9, 10 एवं 11 पर जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को साप्ताहिक रूप से उपलब्ध करा दी गई हैं।
सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे प्राप्त दावे-आपत्तियाँ स्वयं अथवा अपने बी.एल.ए. के माध्यम से 06 फरवरी 2026 तक संबंधित बी.एल.ओ. को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें, जिससे समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 से 04 फरवरी 2026 तक जनपद की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में प्राप्त आवेदनों का विवरण इस प्रकार है— विधानसभा क्षेत्र 196-छिबरामऊ में फॉर्म-6 के 10,424, फॉर्म-7 के 721 तथा फॉर्म-8 के 2,898 आवेदन प्राप्त हुए। विधानसभा क्षेत्र 197-तिर्वा में फॉर्म-6 के 8,281, फॉर्म-7 के 168 तथा फॉर्म-8 के 1,436 आवेदन प्राप्त हुए। विधानसभा क्षेत्र 198-कन्नौज में फॉर्म-6 के 8,338, फॉर्म-7 के 176 तथा फॉर्म-8 के 1,684 आवेदन प्राप्त हुए। उक्त अवधि में जनपद स्तर पर कुल 27,043 फॉर्म-6, 1,065 फॉर्म-7 एवं 6,018 फॉर्म-8 प्राप्त हुए हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार द्वारा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से जेंडर रेशियो में वृद्धि के उद्देश्य से अधिक से अधिक महिला मतदाताओं के पंजीकरण में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, जिसके अंतर्गत अब मतदाताओं द्वारा अपलोड किए जा रहे दस्तावेजों के सत्यापन हेतु डीईओ पोर्टल से वैधता सत्यापन की प्रक्रिया समाप्त कर दी गई है। अब यह सत्यापन ईआरओ/एईआरओ स्तर पर सीधे किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, त्वरित एवं पारदर्शी होगी। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 का मुख्य उद्देश्य जनपद में शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का निर्माण करना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

