युवाओं को केंद्रीय बजट से जोड़ने की अनूठी पहल
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत (मेरा युवा भारत) प्लेटफॉर्म द्वारा युवाओं की सक्रिय, जागरूक एवं सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “मेरा युवा भारत बजट क्वेस्ट 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय स्तर का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 से जोड़ने, उनकी आर्थिक समझ विकसित करने तथा विकसित भारत 2047 के विज़न में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला युवा अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में देशभर के युवाओं के लिए एक ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों की बजट, अर्थव्यवस्था एवं राष्ट्रीय नीतियों से जुड़ी समझ का आकलन किया जाएगा। क्विज़ में सफल प्रतिभागियों को द्वितीय चरण में चयनित आठ प्रमुख विषयों पर आधारित निबंध लेखन प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
निबंध लेखन प्रतियोगिता के विषय बजट, युवा सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत तथा राष्ट्रीय विकास जैसे महत्वपूर्ण और समसामयिक आयामों से संबंधित होंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित युवाओं को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में सम्मिलित होने का विशेष अवसर प्राप्त होगा। इस संवाद के माध्यम से युवा अपने विचार, सुझाव एवं अपेक्षाएँ देश के सर्वोच्च नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।
मेरा युवा भारत बजट क्वेस्ट 2026 का आयोजन पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से 3 फरवरी 2026 से 17 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। देशभर के इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागिता कर सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, नीति निर्माण की समझ तथा राष्ट्रीय दायित्व के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में मेरा युवा भारत, कन्नौज के युवा वालंटियर्स द्वारा जिले के विभिन्न कॉलेजों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर, बैनर एवं पम्पलेट के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवा इस महत्वपूर्ण पहल से जुड़ सकें।

