बेटी की शादी में राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संघ ने गुप्त दान देकर पेश की मानवता की मिसाल

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)  मोहम्मदाबाद ब्लॉक के ग्राम कुबेरपुर जुन्नारदार निवासी स्वर्गीय दफेदार कश्यप की पिता-विहीन पुत्री प्रीति कश्यप के विवाह में समाज के जिम्मेदार लोगों ने मानवीय संवेदनाओं का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। बेटी की बारात 4 फरवरी 2026 को आने की सूचना मिलने पर राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संघ की टीम ने गुप्त रूप से सहायता पहुंचाकर परिवार की गरिमा को अक्षुण्ण रखा।
संघ की टीम विवाह से पूर्व प्रीति कश्यप के आवास पर पहुंची और शादी में उपयोग होने वाली दैनिक आवश्यक उपहार सामग्री के साथ-साथ अपनी श्रद्धा अनुसार नगद राशि गुप्त दान के रूप में प्रदान की। इस सहयोग का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि पिता-विहीन पुत्री के विवाह में आत्मसम्मान और सामाजिक मर्यादा बनाए रखना था। इस अवसर पर संघ के जिला अध्यक्ष रक्षपाल सिंह एवं जिला महामंत्री शाहनवाज शाह शाह अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने परिजनों से भेंट कर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि मानवता की सेवा ही संगठन का मूल उद्देश्य है। पिता-विहीन पुत्री की सहायता में पिछड़ा दलित एकता मंच ब्लैक के अध्यक्ष अरुण कुमार शाक्य ने भी अपनी टीम के साथ सहयोग कर सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया। वहीं, सरकारी जूनियर स्कूल में सहायक अध्यापक तरुण प्रताप सिंह ने भी व्यक्तिगत स्तर पर सहायता प्रदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।