लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। यूपी विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार यानी आज से शुरू हो गया। सत्र से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात की। उन्होंने सरकार का एजेंडा बताया। सत्ता और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी तैयारी के साथ सत्र में पहुंचे।
पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, सपा विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया। गो बैक, गो बैक के नारे लगाए। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राज्यपाल के भाषण के दौरान विपक्षी विधायक लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। वह गो बैक, गो बैक के नारे लगाते रहे।
उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के भाषण के साथ शुरू हुआ। विपक्षी विधायकों का हंगामा और नारेबाजी भी शुरू रही। राज्यपाल ने कहा कि राज्य में छह करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति मिली है। सपा विधायक जाहिद बेग एसआईआर व फार्म-7 के मुद्दे को लेकर विधानसभा पहुंचे। वह नारे लिखी तख्ती लेकर विधानसभा में नारेबाजी करते दिखे। नेता विधान मंडल दल आराधना मिश्रा मोना ने सपा के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बजट सत्र से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने विधानसभा स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
साइकिल से विधानसभा पहुंचे एमएलसी आशुतोष सिन्हा
सपा से एमएलसी आशुतोष सिन्हा बजट सत्र में शामिल होने साइकिल से विधानसभा पहुंचे। वह वाराणसी मे मंदिर तोड़े जाने के मुद्दे को लेकर आए हैं। इसे वह प्रमुखता से उठाएंगे।
अभिभाषण के बाद निपटाए जाएंगे विधायी कार्य
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद राज्य सरकार द्वारा विधायी कार्य भी निपटाए जाएंगे। मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही पूर्व एवं वर्तमान दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी। बुधवार को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी।
विपक्ष के हंगामे के बीच हुआ राज्यपाल का भाषण, विधायकों ने लगाए गो बैक गो बैक के नारे
