आरएसएस के 100 वर्ष : विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन

‘‘सैकड़ों लोगों ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प’’
फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को शमशाबाद नगर में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र से आए सैकड़ों लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा समाज को राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने के लिए प्रेरित करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि आरएसएस ने अपने सौ वर्षों की यात्रा में समाज सेवा, राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक जागरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया है। विराट हिंदू सम्मेलन का नेतृत्व विभाग प्रचारक राहुल जी के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें संत समाज की भी विशेष सहभागिता रही। संतों और वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के समय में सामाजिक एकता, पारिवारिक मूल्यों की रक्षा और नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने हिंदू समाज को संगठित रहकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने हिंदू राष्ट्र के निर्माण में योगदान, सामाजिक समरसता, संस्कारों की रक्षा और युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने पर विशेष बल दिया। सम्मेलन में शामिल लोगों ने एक स्वर में समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प व्यक्त किया।