उपकेंद्र स्तरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुरैया बुजुर्ग पर सुरक्षित प्रसव कराए जाने की जानकारी लेने पहुंचे मनोज कुमार सिंह
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता देखने के उद्देश्य से मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमिशन मनोज कुमार सिंह ने उपकेंद्र स्तरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुरैया बुजुर्ग का किया निरीक्षण । इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, आईएएस अक्षत वर्मा, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एचआरपी (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) प्रबंधन से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमिता कटारिया एवं स्वास्थ्य स्टाफ द्वारा सुगमता से दिया गया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने केंद्र पर प्रतिमाह 28 से 30 सुरक्षित प्रसव कराए जाने की जानकारी प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की तथा स्वास्थ्य टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद गुणवत्तापूर्ण मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना सराहनीय है। निरीक्षण में पाया गया कि डिलीवरी प्वाइंट पर सभी आवश्यक मानक एवं पैरामीटर उपलब्ध हैं।
जानकारी दी गई कि लगभग 10 हजार की आबादी को चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस दौरान लगभग 35 वर्षों तक सेवाएं देने वाली सेवानिवृत्त एएनएम, जो वर्तमान में सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में कार्य कर रही हैं, के समर्पण एवं अनुभव की भी मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान एआई आधारित ईसीजी मशीन की उपलब्धता की जानकारी दी गई। बताया गया कि मशीन के प्रभावी संचालन हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे मरीजों को आधुनिक एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सफल मॉडल का अध्ययन किया गया है, इस मॉडल को प्रदेश के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर विशेष बल दिया जाए तथा सभी को शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

