फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कायमगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, आगंतुक रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, मालखाना एवं बंदी गृह का गहन परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा गंभीर मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने महिला संबंधित प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही सीसीटीएनएस प्रणाली, बीट पुलिसिंग एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को सतर्क एवं जवाबदेह रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन के साथ शिष्ट एवं उत्तरदायी व्यवहार सुनिश्चित करने की बात कही गई। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कायमगंज, प्रभारी निरीक्षक कायमगंज एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कायमगंज थाने का किया निरीक्षण: दिए आवश्यक दिशा निर्देश