फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा तहसील कायमगंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, राजस्व अभिलेखों का संधारण, न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों की प्रगति, जनसुनवाई व्यवस्था, फार्मर रजिस्ट्री, उप निबंधक कार्यालय तथा विभिन्न पटलों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वादों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित किया जाए, जिससे आमजन को समयबद्ध न्याय मिल सके।
तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए। राजस्व अभिलेखों के रख-रखाव, खतौनी अद्यतन, नामांतरण एवं वरासत प्रकरणों की प्रगति पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए कार्यप्रणाली को सरल, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कायमगंज, तहसीलदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने, खुली विद्युत वायरिंग को ठीक कराने, दीवारों पर आ रही सीलन को दूर कराने, शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा कार्यालयीन कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किया कायमगंज तहसील का निरीक्षण: विभिन्न पटलों के कार्यों की गहन समीक्षा
