फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कायमगंज-फर्रूखाबाद मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। अज्ञात बस की चपेट में आने से हुई इस दुर्घटना के बाद मृतक के घर में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शुक्रवार को ढाई घाट शमशाबाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर सैदवाड़ा निवासी मनीष कुमार पुत्र अशोक कुमार एक शादी समारोह में शामिल होने कायमगंज गए थे। बताया गया है कि रेलवे स्टेशन कायमगंज के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में उनके रिश्तेदारी का विवाह समारोह आयोजित था। आमंत्रण पर वह अन्य परिजनों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। रात्रि में विवाह की रस्में पूरी होने और भात पहनाने के बाद मनीष कुमार बाइक से अकेले घर लौट रहे थे। इसी दौरान कायमगंज-फर्रूखाबाद मार्ग पर ग्राम पपड़ी के निकट अचानक उनकी बाइक असंतुलित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गिरते ही पीछे से आ रही एक बस की चपेट में आ गए। बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया।
जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का करुण क्रंदन देख उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। मृतक परिवार का मुख्य सहारा थे और कृषि कार्य के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी पारुल का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों-पुत्र प्रांशु और पुत्री काजल को छोड़ गए हैं। शुक्रवार को ढाई घाट शमशाबाद में रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं पुलिस अज्ञात बस की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
बस की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत

