पीआरडी जवानों की मासिक रिफ्रेशर परेड आयोजित, कर्तव्यनिष्ठा और स्वास्थ्य पर दिया गया जोर

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) एवं युवा कल्याण विभाग विकासखंड शमशाबाद के बैनर तले शुक्रवार को मासिक रिफ्रेशर परेड का आयोजन किया गया। परेड एबी इंटर कॉलेज शमशाबाद के मैदान में कंपनी कमांडर प्रमोद कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों ने भाग लिया।
परेड के दौरान कंपनी कमांडर प्रमोद कुमार ने जवानों को अनुशासन, ड्यूटी के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि मासिक रिफ्रेशर परेड का उद्देश्य केवल शारीरिक अभ्यास कराना ही नहीं, बल्कि जवानों को मानसिक रूप से भी मजबूत और सजग बनाए रखना है। नियमित अभ्यास से जहां एक ओर जवानों की कार्यक्षमता बढ़ती है, वहीं दूसरी ओर उनका स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहता है। उन्होंने बताया कि मासिक रिफ्रेशर परेड में परेड अभ्यास के साथ-साथ विभागीय दिशा-निर्देशों, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके और विभिन्न जिम्मेदारियों से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी दी जाती हैं। समय-समय पर आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से जवानों में नई ऊर्जा का संचार होता है और वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन और अधिक प्रभावी ढंग से कर पाते हैं।
इस अवसर पर पीआरडी जवानों में धर्मेंद्र कुमार, बबलू शर्मा, सुरेंद्र कुमार, उमेश चंद, रामकिशन, मंसाराम, मनीष कुमार, अजीत कुमार, रंजीत चतुर्वेदी, महेश चंद्र सहित अन्य जवान उपस्थित रहे।