कन्नौज : समाज कल्याण मंत्री ने प्रदेश के बजट को बताया सर्वसमावेशी गुलदस्ता

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा है कि प्रदेश सरकार का बजट विकासोन्मुख, समावेशी एवं जनहितकारी है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा है कि  प्रदेश के कुल बजट में लगभग 12.4 प्रतिशत भाग शिक्षा के लिए आवंटित किया गया है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य अनुपात माना जाता है। अन्य विभाग को जोड़कर देखा जाए तो लगभग 

15–16 प्रतिशत बजट शिक्षा पर आता है।

 उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक उद्योगों को उत्तर प्रदेश में स्थापित करना है, जिससे निवेश बढ़े और स्थानीय स्तर पर व्यापक रोजगार के अवसर सृजित हों। कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि कोविड-19 काल में श्रमिकों का व्यापक पंजीकरण कराया गया था। जो प्रवासी श्रमिक प्रदेश में वापस आए थे, उनमें से अधिकांश अब यहीं रोजगार से जुड़े हुए हैं और पुनः पलायन नहीं किया है। कहा कि शिक्षा क्षेत्र में मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने हेतु 400 करोड़ रुपये की धनराशि से स्कूटी वितरण योजना लागू की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर ‘सरदार पटेल इंप्लायमेंट जोन हर जिले में बनेगा। कृषि क्षेत्र में डीजल पंपों के स्थान पर सोलर पंपों को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा निजी नलकूपों के लिए भी पर्याप्त बजट की व्यवस्था की गई है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जनपद कन्नौज को आकस्मिक अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर की सौगात मिलेगी। 

मंत्री ने कहा कि पेंशन वृद्धि के संबंध में योगी आदित्यनाथ द्वारा सकारात्मक संकेत दिए गए हैं। साथ ही कम वेतन पाने संविदा कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बजट में विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की दिशा में सरकार द्वारा 80 करोड़ थालियों में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। मंत्री ने कहा कि गरीबी उन्मूलन की दिशा में प्रदेश निरंतर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि जनपद में कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के माध्यम से स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल हैं। 

उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार ने महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण हेतु 500 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। प्रदेश सरकार का बजट उद्योग, किसान, युवा, महिला एवं गरीब—सभी वर्गों के लिए योजनाओं का “गुलदस्ता” है, जो प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने पर्यावरण  संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि अगली पीढ़ी को स्वच्छ एवं सुरक्षित तालाब सौंपना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कहा है कि जनपद में 3 तालाबों का सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। कहा कि तालाबों की स्वच्छता केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। इस दौरान मीडिया सेंटर एवं प्रेस क्लब से संबंधित विषयों पर भी चर्चा हुई। साथ ही जानकारी दी कि होली पर्व के दृष्टिगत  26 फरवरी 2026 को सायं 5 बजे रोमा मंच पर हास्य कलाकारों का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मंत्री जी ने जनपदवासियों को आमंत्रित भी किया। हास्य कवि कार्यक्रम में अन्नू अवस्थी, हेमंत पाण्डे, मनिका दुबे इत्यादि कवि शामिल होंगे।

इस अवसर पर पार्टी जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, विवेक पाठक सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहें।