कन्नौज : सदर तहसील में राज्यमंत्री ने सुनी लोक शिकायतें, बांटे कृषक दुर्घटना योजना के चेक

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण विभाग असीम अरूण की अध्यक्षता में आज तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 129 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत उमेश चंद्र पुत्र स्वर्गीय अमरनाथ एवं सुनीता पत्नी पारस सिंह को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के डेमो चेक प्रदान कर लाभान्वित किया। साथ ही गोविन्द कुमार, अंजना, रोहन एवं दिनेश के अभिलेखों में नाम एवं पते का संशोधन कर उन्हें खतौनी उपलब्ध कराई गई, अब यह किसान फॉर्मर रजिस्ट्री योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

मंत्री ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जनता की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान हो। प्रत्येक फरियादी प्रशासन से न्याय की अपेक्षा लेकर आता है, अतः उसकी शिकायत का समाधान संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी नागरिक किसी भी स्तर पर उपेक्षित महसूस न करे। अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों पर तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाए तथा किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय न होने पाए।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण में गुणवत्ता एवं समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जाएं। भूमि विवाद, पट्टा एवं खतौनी प्रविष्टि से जुड़े मामलों की व्यक्तिगत निगरानी तहसीलदार द्वारा की जाए तथा संबंधित लेखपाल पूर्ण तथ्यों एवं अभिलेखों के साथ उपस्थित रहें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि दिव्यांग पेंशन, वृद्धा पेंशन एवं विधवा पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। इसके अतिरिक्त आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनता दर्शन एवं जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।