डीएम ने कस्तूरबा विद्यालय में किया औचक निरीक्षण

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नवाबगंज स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नवाबगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता स्वयं जांची। भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार पाया गया, जिस पर उन्होंने संतोष जताया।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके पठन-पाठन की स्थिति जानी और उनसे कविताएं भी सुनीं। छात्राओं का आत्मविश्वास और शैक्षणिक स्तर देखकर डीएम ने शिक्षकों को प्रोत्साहित किया, लेकिन साथ ही व्यवस्थागत कमियों पर तीखी नाराज़गी भी जताई। विद्यालय परिसर में जर्जर फर्नीचर, खराब नल और फ्लश तथा भवन के पिछले हिस्से में गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल मरम्मत और सफाई के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान नवाबगंज के खंड विकास अधिकारी अमरेश चौहान भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी की कार्यशैली ने एक बार फिर साबित किया कि जनपद में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। बालिका शिक्षा जैसी संवेदनशील व्यवस्था में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।