कन्नौज, एफएसडीए ने पकड़ा 800 लीटर मिलावटी दूध, 5 खाद्य नमूने भी भरे

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। आगामी होली पर्व पर जनपद में आमजन को शुद्ध, ताजे तथा गुणवत्तापरक खाद्य तथा पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने एवं मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु आज मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व  में प्रवर्तन दल के खाद्य  सुरक्षा अधिकारियों अनिल कुमार राठौर, विमलेश कुमार एवं मंजरी मिश्रा द्वारा सघन निरीक्षण कर प्रजापति मार्केट के समीप, बेहरीन, कन्नौज तिर्वा रोड पर टाटा बोलेरो वाहन संख्या यूपी 74 ए टी 0380 से 25 केनो में लगभग 800 लीटर मिश्रित दूध लेकर विक्रय हेतु जाते हुए खाद्य कारोबारकर्ता सौरभ यादव से दूध के दो नमूने वास्ते जांच संग्रहित किए गए। इसी क्रम में जेरकिला, गौरी शंकर रोड, कन्नौज स्थित खाद्य कारोबार प्रतिष्ठान योगेश्वर किराना स्टोर से रंगीन कचरी का एक नमूना, अजय पाल रोड, कन्नौज नगर पालिका स्थित खाद्य कारोबार प्रतिष्ठान शंकर मिष्ठान भंडार से खोयें का एक नमूना तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार साहू द्वारा असैनी ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, कमालगंज, फर्रुखाबाद द्वारा निर्मित मनपसंद ब्रांड अचार का एक नमूना वास्ते जांच संग्रहित किया गया। इसके साथ ही स्थानीय खोया मंडी में मिलावटी खोए की विक्रय रोकथाम हेतु चेकिंग अभियान चलाया गया। आज की गई कार्रवाइयों के दौरान लगभग 60 लीटर दूषित व खराब दूध, दूषित व खराब लगभग 40 किग्रा रंगीन कचरी, दूषित व खराब हो चुका लगभग 20 किलोग्राम खोया एवं लगभग 07 किलोग्राम दूषित व खराब अचार खाद्य कारोबारकर्ता ने स्वयं की सहमति से खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा विनिष्ट कराया गया, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग रू० 12,000/-  मात्र है।

आज संग्रहित उपरोक्त सभी 05 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद्य पदार्थ  एवं मिलावट के हानिकारक प्रभाव तथा उनके स्थानीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए खाद्य पदार्थों के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।