कन्नौज: नाले की सफाई करते वक्त गैस पाइप लाइन फटी, कुछ घंटों में हालात काबू में आए

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज:(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  शहर के गोलकुआं चौराहे पर रात में नाले की खुदाई के वक्त गैस पाइपलाइन फट गई। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। यहां एचपीसीएल की टीम ने पहुंच कर गैस रिसाव बन्द कराया। नगर पालिका कर्मचारियों ने जेसीबी से नाला खुदाई करते हुए अंडरग्राउंड बिजली लाइन भी क्षतिग्रस्त कर दी।

शहर के तिर्वा रोड स्थित गोलकुआं चौराहे के पास बारिश में जलभराव की समस्या रहती है। नगर पालिका की ओर से वहां नाला निर्माण कराया गया था, लेकिन बाद में आसपास के लोगों ने नाला बन्द कर उस पर चबूतरा बना लिए। इससे पानी की निकासी नहीं पा रही थी और जलभराव की समस्या बनी हुई थी।

शुक्रवार शाम 8 बजे जेसीबी मशीन लेकर नगर पालिका की टीम वहां पहुंची और नाले की खुदाई शुरू कर दी। खुदाई कराते वक्त रात 10 बजे जमीन के नीचे पड़ी गैस पाइपलाइन अचानक से फट गई, जिससे पानी और कीचड़ के साथ गैस का रिसाव होने लग गया। गैस रिसाव होता देख आसपास के दुकानदारों और वहां रहने वालों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना अधिकारियों को दी गई।

कुछ ही देर में वहां नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्यामेन्द्र मोहन चौधरी और पुलिस अधिकारी पहुंच गए। गैस रिसाव होता एचपीसीएल कर्मियों को बुलाया गया। उन्होंने पाल चौराहा स्थित विभाग के ऑफिस से गैस की सप्लाई बंद कराई। तब लोगों ने राहत की सांस ली। इस बीच करीब 45 मिनट तक गैस का रिसाव होता रहा।

पालिका कर्मियों ने इसके बाद गोलकुआं पर मानपुर रोड के पास जेसीबी से खुदाई शुरू कर दी। जिससे वहां अंडरग्राउंड बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। ऐसे में यूपीसीएल के कर्मचारियों को बुलाना पड़ा। हालांकि कुछ देर बाद बिजली लाइन दुरुस्त कर दी गई। जबकि गैस पाइप लाइन रात 1 बजे तक दुरुस्त नहीं हो सकी। ऐसे में शनिवार सुबह तड़के टीम ने मरम्मत की और गैस पाइप लाइन दुरुस्त कर दी।