‘‘खेल प्रतिभा में महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा और उत्साह’’
फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। रविवार को स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम फतेहगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माय भारत एवं खेलो इंडिया के तत्वावधान में भव्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल और उत्साह का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल गतिविधियाँ न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करती हैं। इस अवसर पर महिलाओं के लिए दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। खेल के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर मिलता है। अंत में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे महिलाओं को खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलता रहे।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने माय भारत एवं खेलो इंडिया का किया शुभारंभ

