फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी श्री विश्वविद्यालय जैन वर्मा रोड फतेहगढ़ के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती अंबिका जैन पत्नी सेना के कमांडेंट मनीष जैन ने कहा कि महिलाएं समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती हैं और अपनी आने वाली पीढ़ी को सही संस्कार देकर समाज को मजबूती प्रदान करती हैं। इसके लिए नई पीढ़ियों को आध्यात्मिक दिशा की बहुत जरूरत होती है। इसलिए महिलाएं केंद्र से संपर्क रखें, अपने अंदर आध्यात्मिक शक्ति पैदा करें और आध्यात्मिक संस्कार नई पीढ़ियों को दें, यही आयोजन की सफलता होगी।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि जिला जज की पत्नी सुमन लता ने कहा कि नारी आदिकाल से समाज की धुरी रही है और आगे भी बनी रहेगी। वर्तमान में नारियों ने बहुत विकास किया है और अपने सम्मान को बरकरार रखा है। वह आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वाह करते हुए अपने सम्मान को आगे बढा़ने का काम करें। महिला आयोग की पूर्व सदस्य मिथिलेश अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि महिलाओं ने देश-विदेश में अपनी पहचान बनाई है। उनकी पहचान और मजबूत हो। स्वतंत्रता संग्राम में चाहे रानी लक्ष्मीबाई रही हों या अंतरिक्ष में सफलता प्राप्त करने वाली कल्पना चावला, इन लोगों ने नारी शक्ति के सम्मान को ऊंचा किया है। वर्तमान में देश की राष्ट्रपति भी महिला हैं। महिला का स्थान सदैव ऊंचा रहा है और ऊंचा ही रहेगा। इस मौके पर केंद्र संचालिका बीके सुमन बहन ने सभी को धन्यवाद दिया और आध्यात्मिक प्रवचन देकर महिलाओं के उत्थान की कामना की। इस मौके पर तमाम लोग और भाई-बहन मौजूद रहे।
नई पीढ़ी के निर्माण और समाज को मजबूती देने में महिलाओं का अहम योगदान

