बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद कन्नौज की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने तथा कन्नौज के इत्र की पहचान को एक मंच के माध्यम से आगे बढ़ाए जाने हेतु आयोजित होने वाले “कन्नौज इत्रोत्सव- 2026” का शुभारंभ आगामी 14 मार्च को प्रस्तावित है। इस उत्सव के आयोजन को लेकर आज कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधिगणों द्वारा कन्नौज इत्रोत्सव 2026 का अधिकारिक लोगो जारी किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत प्रिया शाक्य, विधायक तिर्वा कैलाश सिंह राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इत्र उत्सव का आयोजन जिला पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. एम0 मकबूल तथा सीएम टूरिज्म फेलो नमन दुआ भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कन्नौज इत्रोत्सव–2026 के आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर चर्चा की गई तथा जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं एवं ऐतिहासिक महत्व तथा एक जिला एक उत्पाद को व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित करने पर बल दिया गया। साथ ही उत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

