जनपद के दो लाख से अधिक कृषकों को लाभ
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कृषकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। योजना की 22वीं किस्त के रूप में जनपद के कुल 2,20,068 कृषकों के खातों में धनराशि हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मा० प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संबोधन का सजीव प्रसारण उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कृषकों द्वारा देखा व सुना गया।
कार्यक्रम में विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया तथा मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और कृषि के क्षेत्र में भारत विश्व में अग्रणी स्थान रखता है, जबकि उत्तर प्रदेश देश में कृषि उत्पादन के क्षेत्र में प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। इस योजना से प्राप्त धनराशि से किसान खाद, बीज एवं दवाइयों की व्यवस्था कर अपनी खेती को और अधिक सशक्त बना रहे हैं।
उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अब तक जनपद के कृषकों के खातों में 22वीं किस्त सहित कुल लगभग 44.0136 करोड़ रुपये की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से भेजी जा चुकी है, जिससे किसानों को कृषि कार्यों में आर्थिक सहयोग प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा कृषकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। बताया गया कि ऐसे लाभार्थी जो बीएससी (कृषि) अथवा बीएससी (साइंस) उत्तीर्ण नहीं हैं और खाद, बीज व कीटनाशक विक्रय का लाइसेंस प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें कृषि विभाग के माध्यम से 48 सप्ताह का प्रशिक्षण प्राप्त करना अनिवार्य होता है, जिसका संचालन MANAGE संस्था, हैदराबाद द्वारा किया जाता है।
इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान 12 लाभार्थी कृषकों को मूंगफली की नि:शुल्क किट तथा 09 कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, ताकि किसान आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकें।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता, कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।

