भाजपा में विधान सभा चुनाव की तैयारियां तेज : लगेगे प्रशिक्षण वर्ग

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी ने अपने दो दिवसीय प्रवास के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के संदर्भ में विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले मंडलों की प्रशिक्षण टोली के कार्यकर्ताओं की तैयारी बैठक ली।
उन्होंने चारों विधानसभाओं के सभी 18 मंडलों के अध्यक्षों एवं प्रशिक्षण टोली से संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक करके मंडलों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्ग को लेकर दिशा निर्देश दिए। भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया की 29 मार्च से लेकर 12 अप्रैल तक सभी 18 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होंगे।
कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी ने कहा मंडलों के प्रशिक्षण वर्ग में मंडल कमेटी में नवीन कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना मुख्य उद्देश्य होता है। मंडल कार्य समिति में नवीन कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास के बारे में संपूर्ण जानकारी दी जाएगी। पार्टी की विचारधारा और नीति के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए ऐसे शिविर व वर्ग आयोजित करती है। प्रत्येक मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग में एक-एक वक्त अलग-अलग सत्रों को संबोधित करेगा। इन सभी वक्ताओं का चयन पार्टी द्वारा किया जा चुका है। सभी मंडलों के प्रशिक्षण वर्ग में दी हुई श्रेणी के अनुसार अपेक्षित सूची तैयार करना है। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव और पंचायत के चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं को अभी से कमर कसनी है। इसके लिए संगठन को पूर्ण रूप से मजबूत करना है ताकि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता डटकर विरोधियों का सामना कर सके। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचा कर विकसित राष्ट्र के संकल्प को पूर्ण करने की ओर अग्रसर होना है। जब भी संगठन का विस्तार होता है ऐसे प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते हैं जिसमें नवीन कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास के बारे में पूर्ण जानकारी दी जाती है। प्रशिक्षण वर्ग के चयनित स्थान पर नरेंद्र मोदी के पांच प्रण सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा निर्देशित पांच परिवर्तन जैसे मुख्य बिंदुओं को भी परिसर में प्रदर्शित किया जाएगा।
इस बैठक के अवसर पर जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला महामंत्री सुनील रावत, आलू विपणन संघ सभापति विमल कटियार, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ भूदेव सिंह, पूर्व जिला महामंत्री संदीप शाक्य, सोशल मीडिया जिला संयोजक अभिषेक बाजपेई, नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत, अतुल दीक्षित, अनुराग सिंह, जहानगंज मंडल अध्यक्ष अनुज राजपूत, विशाल शर्मा,कमालगंज मंडल अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी आदि मौजूद रहे।