फर्रुखाबाद भीषण विस्फोट मामला : सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के पुत्रों सहित आधा दर्जन पर मुकदमा

फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। शहर के मोहल्ला नाला मच्छरट्टा निवासी पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर भीषण विस्फोट हुआ,जिससे हड़कंप मच गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरी इमारत हिल गई और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। हादसे में 5 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें पूर्व विधायक के पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस नें पूर्व विधायक के दोनों पुत्रों सहित आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस नें कराया है।
शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक इमरान फरीद ने मुकदमा दर्ज कराया, जिसमें कहा कि वह अपनी टीम के साथ साहबगंज चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ई-रिक्शा में दो झुलसे युवकों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। पूछताछ में उनकी पहचान अभिनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल था। मकान का फर्श पूरी तरह टूट चुका था, जबकि बेसमेंट की छत उखड़ गई थी और मलबा चारों ओर फैला हुआ था। इसी दौरान मलबे में दबे भैयालाल को गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया। घटना में ईशू चौरसिया, रामवीर यादव, राशू मिश्रा समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 7ः30 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान की तीसरी मंजिल तक खिड़कियां, दरवाजे, ग्रील और छत क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया।
पुलिस जांच में बेसमेंट से विस्फोटक पदार्थों की गंध आने की पुष्टि हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मकान में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का संग्रह या निर्माण किया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा और कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।