फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। शनिवार को मनाया जाएगा ईद का त्योहार। ईद-उल-फितर पर्व को लेकर उत्साह है, शहर के बाजारों में भी चहल-पहल खासी बढ़ गई है। शहर के प्रमुख बाजारों की दुकानों पर हर तरफ खरीदारों की भीड़ नजर आ रही है। ईद को शानदार ढंग से मनाने के लिए लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
ईद पर नए परिधान पहनना अच्छा माना जाता है। बड़े लोग छोटों को बतौर ईदी उपहार भी देते हैं। बाजार में इस बार ईद पर रंग-बिरंगी आकर्षक टोपियों की खास तौर पर मांग ज्यादा है। 30 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की टोपी बाजार में उपलब्ध है। महिलाएं सौंदर्य प्रसाधन से जुड़ी चूड़ी, कंगन, बिंदी इत्यादि के साथ रेडीमेड कपड़ों की खरीदारी में जुटी दिखी। ईद पर बनने वाली सेवई की बिक्री भी बढ़ी है। बाजार में बनारसी के अलावा कई अन्य तरह की सेवई खूब बिक रही है। एक दुकानदार ने बताया कि इस साल सेवई 80 से 200 रुपये प्रति किलो में बिक रही है। सूतफेनी की कीमत 100 रुपये से लेकर लगभग 160 रुपये प्रति किलो है।
शनिवार को मनाई जाएगी ईद : बाजारों में बढी खरीदारों की भीड़

