यूपीटेट 2026 का नोटिफिकेशन जारी : 27 मार्च से करें आवेदन

’लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश एजुकेशन सर्विस सिलेक्शन कमीशन ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसके तहत यूपीटेट का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को होगा।
उत्तर प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा यूपीटेट 2026 का इंतजार कर रहे कैंडिडेट्स के लिए बड़ा अपडेट है। उत्तर प्रदेश एजुकेशन सर्विस सिलेक्शन कमीशन ने शुक्रवार 20 मार्च को यूपीटेट 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसमें यूपीटेट के लिए आवेदन से लेकर एग्जाम की तारीखों की घोषणा की गई है। जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक यूपीटेट 2026 के लिए 27 मार्च से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
यूपीईएसएससी की तरह से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक यूपीटेट 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 मार्च से शुरू होगी। इच्छुक और पात्र कैंडिडेट्स 26 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है। यूपीईएसएससी ने नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया है कि कैंडिडेट्स की सुविधा को देखते हुए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की व्यवस्था की गई है। ऐसे में आवेदन से पहले कैंडिडेट्स को ओटीआर जरूरी तौर पर करना होगा। आवेदन प्रक्रिया की समाप्ति के बाद 1 मई तक फीस जमा और आवेदन फॉर्म में सुधार किया जा सकेगा। आवेदन फीस की बात करें तो सामान्य और ओबीसी कैंडिडेट्स को 1000 रुपये और एससी-एसटी कैंडिडेट्स को 500 रुपये जमा कराने होंगे। इसे 1700 रुपये करने का प्रस्ताव था, लेकिन इसे मंजूरी नहीं मिली।
2 से 4 जुलाई तक यूपीटेट का आयोजन
यूपीईएसएससी की तरह से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक यूपीटेट 2026 एग्जाम का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक यूपीटेट 2026 के लिए आवेदन करने वाले कैंडिडेट्स की सिटी स्लिप 22 जून को जारी हो जाएगी, जिसमें परीक्षा केंद्र के जिले की जानकारी उनको दी जाएगी। 30 जून को यूपीटेट के एडमिड कार्ड जारी किए जाएंगे।
यूपीटेट के दो एग्जाम, इस बार शिक्षक भी शामिल होंगे!
नेशनल काउंसिल फॉर टीचिंग एंड एजुकेशन (एनसीटीई) ने शिक्षक के तौर पर पढ़ाने के लिए देशभर में टीचर एलिजबिलिटी टेस्ट (टेट) को अनिवार्य किया हुआ है। प्रदेश स्तर पर स्टेट टेट का आयोजन किया जाता है तो केंद्रीय स्तर पर सीटेट का आयोजन किया जाता है, लेकिन उसका फॉर्मेट एक ही है। पहली से 5वीं कक्षा को पढ़ाने के लिए पेपर 1 का आयोजन किया जाता है तो वहीं 6वीं से 8वीं कक्षा तक को पढ़ाने के लिए पेपर 2 का आयोजन किया जाता है। इस तरह यूपीटेट में दो पेपर आयोजित किए जाएंगे। इस साल शिक्षक भी यूपीटेट में शामिल होंगे। इसका कारण सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला है। सितंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने पहले से पढ़ा रहे शिक्षकों के लिए टेट को अनिवार्य कर दिया है। ऐसे में शिक्षकों को अनिवार्य रूप से टेट पास करना है। हालांकि इसके खिलाफ यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पुर्नविचार याचिका लगाई हुई है, लेकिन कई राज्यों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू कर दिया है। ऐसे में यूपी के शिक्षकों पर एक दवाब बना हुआ है।