पी.एस.एम. कॉलेज परिसर में गूंजा उल्लास और मंगलध्वनि
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज पी.एस.एम. कॉलेज, कन्नौज का प्रांगण उल्लास, उत्साह और शुभकामनाओं से सराबोर रहा। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की उपस्थिति में आयोजित इस भव्य समारोह में 103 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। इनमें 02 जोड़े मुस्लिम समुदाय के भी सम्मिलित रहे, जो इस योजना की समावेशी एवं सर्वधर्म समभाव की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री असीम अरुण ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर संपन्न हो रहा यह विवाह समारोह अत्यंत शुभ और मंगलकारी है। उन्होंने कहा, “विवाह केवल दो व्यक्तियों का संबंध नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच विश्वास, प्रेम और संस्कारों का अटूट बंधन है। आप सभी अपने जीवन की नई यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं, जिसमें परिश्रम, आपसी समझ और सम्मान की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक युवा स्वावलंबी बने, अपने कौशल और शिक्षा के बल पर आगे बढ़े तथा ‘सीएम युवा उद्यमी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर भविष्य का निर्माण करे। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार लेने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाएं आपके जीवन को सुदृढ़ एवं समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को आधार से जोड़कर पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सरल बनाया गया है, जिससे पात्र लाभार्थियों को बिना किसी बाधा के योजना का लाभ मिल सके। यह योजना निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक सशक्त सहारा बनकर उभरी है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा ₹1,00,000 की धनराशि व्यय की जाती है, जिसमें ₹60,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में स्थानांतरित किए जाते हैं, ₹25,000 की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है तथा ₹15,000 विवाह आयोजन पर व्यय किया जाता है।
कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली, ब्लॉक प्रमुख कन्नौज, खंड विकास अधिकारी कन्नौज सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं वर-वधू के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में हर्ष, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता का वातावरण व्याप्त रहा।

