फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। शहर में रविवार सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
सुबह 8 बजे के करीब झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगभग दो घंटे तक लगातार हुई बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। लोहिया महिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट के बाहर और अंदर गैलरी में करीब आधा फीट तक पानी भर गया। मरीजों के तीमारदारों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। अस्पताल प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों को बुलाकर पानी निकालने का कार्य शुरू कराया। बताया गया कि नालियां चोक होने के कारण अस्पताल परिसर में जलभराव हुआ है। लोहिया पुरुष अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर भी पानी जमा हो गया है। कानपुर-फर्रूखाबाद रेलवे ट्रैक पर फतेहगढ़ और फर्रूखाबाद रेलवे स्टेशन के बीच नेकपुर पुल के नीचे लगभग 150 मीटर ट्रैक पानी में डूब गया है। इसके चलते ट्रेनों को कासन (धीमी गति) देकर निकाला जा रहा है ताकि कोई दुर्घटना न हो। इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर पांचाल घाट चौराहे के पास भी पानी भर गया, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। फतेहगढ़-फर्रूखाबाद मार्ग पर भी जगह-जगह जलभराव देखा गया, जिसमें भोलेपुर में सड़क पर करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया। पैदल चलने वालों और बाइक सवारों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर के मोहल्ला मदारबाड़ी में सड़क पर लगभग 2 फीट तक पानी जमा हो गया, और मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गल्ला मंडी के पास मुख्य सड़क पर भी ऐसी ही स्थिति रही। यहां लोग नाली की सफाई करते खुद ही देखे गए हालांकि लोगों की पानी के कारण बाइक बंद हो गई तो वह पानी में बाइक भी खींचते नजर आए। इसके अलावा शहर के ही मोहल्ला बीबीगंज सहित केशव नगर के जाने वाले रास्ते और नेकपुर कला में सिटी पब्लिक स्कूल को जाने वाले रास्ते पर भी जल भराव हो गया यहां भी करीब 1 फीट तक पानी सड़क पर भरा हुआ है लोगों को निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर की पास कॉलोनी की बात करें तो शहर के मोहल्ला आवास विकास में भी जल भराव हो गया। ऐसे में राहागीरो को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फर्रूखाबाद में भारी बारिश से जलभराव: सडकें बनी तालाब

