फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जहां एक ओर प्रशासन एलपीजी गैस की कोई कमी न होने का दावा करते हुए घरों तक गैस पहुंचाने की बात कह रहा है। वहीं एजेंसिंयों पर सुबह से ही जुटने वाली उपभोक्ताओं की भीड़ बता रही है कि सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
इसी के चलते लाल सराय स्थित नेशनल गैस एजेंसी पर सुबह भारी भीड़ लग गई और सिलेंडर न मिलने से आक्रोषित उपभोक्ताओं ने सड़क पर जाम लगा दिया। जाम लगते ही पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल मौके पर पहुंच गई। इस दौरान जब जाम हटवाने का प्रयास किया गया तो पुलिस की आम लोगों के बीच झड़पें भी हुईं। सूचना मिलते ही डीएसओ मौके पर पहुंचे और सारी स्थिति से अवगत कराते हुए उन्होंने एजेंसी की व्यवस्था संभाल रहे लोगों से बातचीत की और 1 तारीख से पहले की बुकिंग वाले गैस बुधवार को घर पहुंच जाने का आश्वासन उपभोक्ताओं को दिया। काफी मुश्किल से उपभोक्ता माने तब कहीं जाकर मामला शांत हो सका। उपभोक्ताओं को यह कहकर उनके घर भेज दिया गया कि बुधवार को उनके घर गैस पहुंचेगी। अब देखना यह है कि उपभोक्ताओं के घर पर गैस पहुंचती है या नहीं? या स्थिति वैसी बनी रहती है या फिर एक बार फिर उपभोक्ता गैस एजेंसी पर भीड़ एकत्र करेंगे। उपभोक्ताओं का कहना था कि दूसरी गैस एजेंसिंयों पर इंडेन गैस एजेंसी वालों पर गैस घर तक पहुंच रही है लेकिन नेशनल गैस सर्विस की स्थिति काफी खराब चल रही है जिस कारण से लोगों को मानसिक उत्पीड़न का शिकार होना पड़ रहा है। 15-15 दिन पहले बुक की गई गैस तक नहीं मिल पा रही है। गैस की मारामारी के चलते लोगों में आक्रोश पनपता जा रहा है। डीएसओ ने कहा कि स्थिति को नियंत्रित किया जाएगा और लोगों को सुविधा पूर्वक गैस पहुंचाई जाएगी। इसके बाद गैस एजेंसी का शटर डाउन कर दिया गया लेकिन तमाम लोग वहां पर भीड़ लगाए हुए बैठे रहे बताए गए।
एलपीजी संकट : गैस न मिलने से आक्रोषित लोगों ने लगाया जाम

