कन्नौज: जिला पंचायत अध्यक्ष पर लगा अपने पिता की किडनैपिंग का आरोप

कन्नौज में फुफेरे भाई ने कहा- मामा को जबरन गाड़ी में भरकर उठा ले गए

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  भाजपा नेता और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य पर अपने पिता के अपहरण का आरोप लगा है। उनके फुफेरे भाई ने ये आरोप लगाए हैं। फुफेरे भाई ने पुलिस से शिकायत में कहा- उनके मामा 5 अप्रैल को कल्यानपुर गांव में बौद्ध कथा में शामिल होने गए थे।

जहां आयोजकों ने मंच पर उनका सम्मान किया। उन्हें माइक पर बुलाया गया। कथा पंडाल में बोलते हुए उन्होंने अपनी बेटी प्रिया शाक्य और उनके पति ओमकार शाक्य पर आरोप लगाए। वीडियो सामने आने के बाद प्रिया और उनके पति उन्हें जबरन गाड़ी में भरकर उठा ले गए।

वहीं, प्रिया शाक्य ने कहा- पिता बीमार थे, इसलिए उन्हें हम अपने साथ ले आए। सब कुछ ठीक है। मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र का है।

पिता का आरोप

मैं राम प्रकाश शाक्य, इंटर कॉलेज में शिक्षक पद से रिटायर हूं। आवास विकास छिबरामऊ में मेरा मकान है। उसमें मेरा परिवार रहता है। पत्नी है, बच्चा है और बहू है। दो लड़कियां हैं, उनकी शादी हो गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य को मैं अपनी लड़की नहीं मानता। उस लड़की ने मेरे साथ जो अन्याय किया, वो मैं अपनी जुबान से कह नहीं सकता।

उसने मेरे ऊपर 5 मुकदमे किए, जो अभी भी चल रहे हैं। एक मुकदमा लखनऊ बेंच में चल रहा है। दो मुकदमे हाईकोर्ट में चल रहे हैं। उसका पति ओमकार शाक्य है, उसने 15 साल से मेरी पत्नी को भी कंट्रोल कर रखा है। मुझे छिबरामऊ छोड़े हुए 15 साल हो चुके हैं।

मैं छिबरामऊ और आसपास आता हूं, लेकिन उस घर में नहीं जाता। क्योंकि उन सभी ने मेरा बहुत बड़ा अपमान किया है। मेरी बेइज्जती की है। मुझे मारा-पीटा है। तब से मैंने उस घर को छोड़ दिया। मेरी पत्नी ने मुझे खाना नहीं दिया। तब से मैं आंखों से अंधा हो गया हूं। अब सब मुझे अंधा मास्टर के नाम से जानते हैं।

रामप्रकाश फर्रुखाबाद के राजकीय इंटर कॉलेज, मोहम्मदाबाद में टीचर थे। वह साल 2014 में रिटायर हो गए थे। 13 साल पहले वह छिबरामऊ से मढ़पुरा गांव में आकर रहने लगे थे।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य पर उन्हीं के बुआ के बेटे रामकिशोर ने आरोप लगाए हैं। रामकिशोर पेशे से टीचर हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया- मामा राम प्रकाश शाक्य रिटायर्ड टीचर हैं। वह मेरे साथ मढ़पुरा गांव में अकेले रहते थे। उन्हें आंखों से दिखाई नहीं देता।

5 अप्रैल को छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के कल्यानपुर गांव में बौद्ध कथा में वह शामिल होने गए थे। जहां आयोजकों ने मंच पर उनका सम्मान किया और माइक पर संबोधित करने का आग्रह किया। ऐसे में कथा पंडाल में बोलते हुए उन्होंने अपनी बेटी प्रिया शाक्य और उसके पति ओमकार शाक्य पर आरोप लगा दिए।

वीडियो वायरल हुआ तो जबरन उठा ले गए

 मामा ने जो आरोप लगाए थे उसका वीडियो वायरल हो गया। 7 अप्रैल को प्रिया शाक्य और उसके पति ओमकार शाक्य 5-6 गाड़ियों से समर्थकों के साथ दोपहर के समय मढ़पुरा गांव पहुंचें। घर में लेटे रामप्रकाश शाक्य को जबरन

उठाकर गाड़ी में डाल दिया।

फिर घर में अपना ताला लगाकर वहां से चले गए। मामा रामप्रकाश मदद के लिए चिल्लाते रहे। इस मामले में रामप्रकाश ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

मर्जी के खिलाफ शादी करने पर पिता ने रिश्ता तोड़ा

रामकिशोर ने बताया- मामा रामप्रकाश की मर्जी के खिलाफ करीब 14 साल पहले प्रिया ने ओमकार से लव मैरिज की थी। तब से उन्होंने बेटी से रिश्ता तोड़ दिया हालांकि, प्रिया की मां और भाई उसके फेवर में थे।

मामा रामप्रकाश का एक मकान छिबरामऊ की आवास विकास कालोनी में है। जहां काफी समय पहले पत्नी और बेटे की मदद से दामाद ने मारपीट की थी। तब से रामप्रकाश अपने गांव मढ़पुरा आकर रहने लग गए। यहां मैं ही उनकी देखभाल करता हूं।

रामकिशोर ने यह भी आरोप लगाया कि मामा रामप्रकाश साल 2014 में जबसे रिटायर हुए, तब से उन लोगों ने उनकी पेंशन पर स्टे ले लिया। करीब 80 लाख से ज्यादा पैसा उनके पास फंसा हुआ है। इसके अलावा उनकी खेती और मकान पर भी वो लोग कब्जा करना चाहते हैं।

भांजे ने कहा- मामा से फोन पर बात नहीं करा रहे

 राम किशोर ने कहा- मामा का हाल जानने के लिए मैंने और तमाम रिश्तेदारों ने लगातार फोन पर कॉल किया, लेकिन मामा की बजाय उनका फोन दामाद ओमकार रिसीव करता है। और बात कराने से मना कर देता है।

इस मामले को लेकर रामकिशोर ने एसपी विनोद कुमार से शिकायत की। रामकिशोर ने बताया कि एसपी ने बोला है कि मामला प्रिया शाक्य और उनके परिवार का है तो आप क्यों परेशान हो रहे हैं। जबकि रामकिशोर का कहना है कि एक बार मामा से बात हो जाए और उन्हें पता चल जाए कि मामा ठीक हैं, तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।

प्रिया शाक्य ने कहा- पिता बीमार थे, इसलिए साथ ले आए

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने अपनी मां और भाई के साथ वीडियो जारी किया। जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि उनके पिता बीमार हैं। इसलिए वह अपने पति के साथ जाकर उन्हें साथ ले आई हैं। सब कुछ ठीक है।