जनगणना ड्यूटी से लौट रहे टीचर देवर-भाभी ने कूदकर बचाई जान
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनगणना ड्यूटी से अपनी भाभी को साथ लेकर घर जा रहे सहायक अध्यापक की इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। उन लोगों ने कूद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग बुझाई, लेकिन तब तक पूरी स्कूटी जल गई।
घटना सदर कोतवाली की जलालपुर पनवारा चौकी क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास जीटी रोड की है। क्षेत्र के बछर्जापुर गांव निवासी रामतीर्थ कन्नौज के केके इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम वह जनगणना ड्यूटी कर के अपनी भाभी सुनीता देवी के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी से घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह लोग जलालपुर पनवारा कस्बे में ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी अचानक से उनकी स्कूटी में आग लग गई।
आग लगते ही स्कूटी छोड़कर वह लोग दूर हट गए। कुछ ही देर में स्कूटी धू-धू कर जलने लग गई। जीटी रोड पर स्कूटी को जलता देखकर वहां भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। कुछ देर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग को बुझा दिया, लेकिन तब तक पूरी स्कूटी जलकर खाक हो गई।
रामतीर्थ ने बताया, उन्होंने 1 महीने पहले ही नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। शुक्रवार शाम वह महज 10 किलोमीटर ही चल सके थे कि तब तक स्कूटी में अचानक से आग लग गई। किसी तरह कूदकर उन लोगों ने अपनी जान बचाई।

