कन्नौज: इत्र पार्क के आवंटियों की समस्याएं सुनकर दिए गए तुरंत हल करने के निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी द्वारा जिला उद्योग बंधु की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में आज इत्र पार्क, ठठिया में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु एक विशेष कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प की अध्यक्षता उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत द्वारा की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी एवं इत्र पार्क के उद्यमी उपस्थित रहे।

कैम्प में उद्यमी अभिनय गुप्ता द्वारा इत्र पार्क में जल कनेक्शन की समस्या उठाई गई, जिस पर उपस्थित जल निगम के प्रतिनिधि ने शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।

उद्यमी प्रखर कपूर द्वारा आवंटित भूखण्ड में मिट्टी भरान, प्रदूषण नियंत्रण विभाग एवं अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र तथा विद्युत विभाग से कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने की मांग रखी गई। संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने इन कार्यों को प्राथमिकता पर पूर्ण करने की सहमति दी।

द अत्तर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री पवन त्रिवेदी ने जल एवं विद्युत कनेक्शन सहित विभिन्न विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्रों को शीघ्र उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता बताई।

कैम्प में उपस्थित जगत अरोमा के प्रतिनिधि दिलीप कपूर द्वारा जल कनेक्शन एवं गैस कनेक्शन की समस्या रखी गई, जिस पर जल निगम एवं एचपीसीएल परियोजना के प्रतिनिधियों ने त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।

उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत ने अवगत कराया कि इत्र पार्क में उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं तथा विद्युत, जल, प्रदूषण एवं अग्निशमन विभाग से संबंधित सभी आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र शीघ्र उपलब्ध कराए जाएंगे।

कैम्प में अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, यूपीसीडा, जल निगम, खनन विभाग के अधिकारीगण एवं उद्यमी पवन त्रिवेदी, प्रखर कपूर, अभिनय गुप्ता, दिलीप सहित अन्य उद्यमी उपस्थित रहे।