फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। नगर में विद्युत उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट और प्रीपेड मीटर जबरन लगाए जाने के संदर्भ में महानगर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा व उनके साथ प्रतिनिधि मंडल ने जिला अधिकारी को संबोधित ज्ञापन देकर कहा कि उपभोक्ताओं की रजामंदी से प्रीपेड मीटर लगाए जायें जबरदस्ती या भविष्य में परेशानी का हवाला देकर मीटर न लगाये जायें।
दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि उच्चतम न्यायालय के आदेश में कहा गया है कि उपभोक्ता अपने यहां अपने मन से प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर वैकल्पिक रूप से लगवा सकते हैं लेकिन विद्युत विभाग की मनमानी रुक नहीं रही है और जनपद व नगर में जबरन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि जबरदस्ती स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं और मीटर में खराबी होने के कारण यदि किसी उपभोक्ता का मीटर बदलवाया जाता है तो उसके यहां प्रीपेड मीटर के बजाय पोस्टपेड मीटर लगाया जाए या फिर उपभोक्ता की सहमति लेकर प्रीपेड मीटर लगाया जाए। जबरदस्ती किसी कीमत पर नहीं होनी चाहिए। अन्यथा की स्थिति में समाजवादी पार्टी को कदम आगे बढ़ाने पड़ेंगे। उन्होंने प्रीपेड मीटर में होने वाली गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी का हवाला भी दिया और कहा कि आदेशित करें कि विभाग अपने उपकेंद्रों पर अलग से कर्मचारी बैठाए और प्रीपेड मीटरों में हो रही समस्याओं का समाधान करवायें।
ज्ञापन देने वालों में महानगर अध्यक्ष राघव अध्यक्ष मिश्रा, कुलदीप भारद्वाज, ओम प्रकाश, अतुल वर्मा, अरविंद, पंकज गुप्ता, शशांक सक्सेना समेत बड़ी तादाद में लोग शामिल रहे।
जबरन प्रीपेड मीटर लगाए जाने के विरोध में सपा का डीएम को ज्ञापन