नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चेन्नई में मंगलवार को अन्नाद्रमुक के भाजपा के साथ गठबंधन की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी’ कहा। हालांकि, बाद में सफाई दी कि उनका मतलब था कि प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को ‘आतंकित’ कर रहे हैं।
खड़गे ने कहा, ‘वह लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह (शाब्दिक अर्थ में) आतंकवादी हैं। आतंकित करने का अभिप्राय है कि वह अपने पद की शक्ति और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं।’ भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि खड़गे ने मोदी के लिए जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि कांग्रेस की मानसिकता को भी दर्शाता है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को ‘शहरी नक्सली’ संगठन बताया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस से माफी की मांग करते हुए कहा कि इस बयान ने प्रधानमंत्री और मतदाताओं का अपमान किया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने खड़गे के स्पष्टीकरण को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी के इशारे पर जानबूझकर प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा।
खड़गे ने पीएम को ‘आतंकवादी’ कहा : बाद में दी सफाई
