समीक्षा बैठक में स्मार्ट मीटर, जल जीवन मिशन और खाद एवं गेंहू खरीद पर रहा खास फोकस
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले की प्रभारी मंत्री और प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री, रजनी तिवारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में विकास कार्याें की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
राष्ट्रीय पंचायतराज दिवस के अवसर पर पंचायत कल्याण कोष के अन्तर्गत ग्राम प्रधान की मृत्यु की दशा में रू0 10 लाख, क्षेत्र पंचायत सदस्य की मृत्यु पर 3 लाख एवं ग्राम पंचायत सदस्य की मृृत्यु पर 2 लाख की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान हैं, जिसके क्रम में ग्राम पंचायत परसपुर के प्रधान को 10 लाख एवं मवई विलवारी व बीलमपुर के सदस्य को 02-02 लाख रूपये की सहायता धनराशि का डेमो चेक मंत्री द्वारा वितरित किया गया। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरूस्कार के अन्तर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायत गुखरू को प्रथम एंव ग्राम पंचायत सलेमपुर को द्वितीय पुरूस्कार के साथ मंत्री ने अंग वस्त्र आदि भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर मुख्य सेविका शिवानी, नीति तिवारी, सोनाक्षी, शिवानी सेजवार, नेहा गुप्ता, प्रीती गौतम तथा आंगनवाडी कार्यकत्री पूनम द्विवेदी, शिखा द्विवेदी, निधि शुक्ला, गीता शुक्ला, सविता गुप्ता, संगीता कटियार को स्मार्ट फोन वितरित किया गया। इसी क्रम में उन्होनें आंगनवाड़ी सहायिका सोनाली पाल, सुश्री विशाखा, साधना, नेहा तथा ज्योति को नियुक्ति पत्र वितरित किये।
आयोजित बैठक में उप निदेशक कृषि ने बताया कि जनपद में उर्वरक पर्याप्त की उपलब्धता पूर्ण है। 79 निजी खाद की दुकानों को उर्वरक उपलब्ध कराई गयी हैं। मंत्री जी ने कहा कि खाद में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए। सुबह 10 बजे से समितियों पर उर्वरक की बिक्री सुनिश्चित की जाये।
डिप्टी आरएमओ ने बताया कि गेंहू खरीद हेतु सरकार का समर्थन मूल्य 2585 रूपये निर्धारित हैं। गेंहू खरीद पूर्ण पारदर्शिता के साथ की जाये। कहा कि जले हुये गांवों के भू-अभिलेखों का सत्यापन लेखपाल के माध्यम से कराया जाये। भाजपा जिलााध्यक्ष वीर सिंह ने बताया कि गेंहू क्रय केन्द्र हसेरन व तिर्वा पर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिस पर मंत्री ने कहा कि जिस केन्द्र पर ज्यादा शिकायतें मिल रही हैं, वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगवाये जायें। बताया गया कि विद्युत विभाग द्वारा विद्युत से संबंधित कैम्प लगाकर जनता की समस्या सुनी जा रही हैं। आज 10 स्थानों पर कैम्प छिबरामऊ में तथा 10 कन्नौज में लगाये गये हैं, जिसमें स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को सुना जा रहा और मौके पर समस्या का निस्तारण भी किया जा रहा हैं।
तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत ने कहा कि सरकार की मंशानुरूप कार्य किया जाये। किसी भी उपभोक्ता के घर पर बिना सहमति के स्मार्ट मीटर नही लगाये जाये। अभी तक जनपद में 82 हजार स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। विद्युत उपकेन्द्र तिर्वा में तैनात एसडीओ की शिकायतें मिल रहीं हैं तथा फोन भी रिसीव नही किया जाता हैं, और संबंधित द्वारा फोन को स्वीच आफ कर लेते हैं। विद्युत की समस्या बनी हुई हैं, जिस पर मंत्री ने कहा कि विद्युत से संबंधित समस्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के साथ किया जाये। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही छम्य नहीं होगी।
श्रीमती तिवारी ने पेट्रोल/डीजल व गैस की आपूर्ति संबंध में जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि पेट्रोल/डीजल की कोई समस्या नहीं हैं। उन्होनें कहा कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जो भी कार्य कराये जा रहे हैं उन्हें समयावधि में पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें। पाइपलाइन के समय जो भी सड़के खुदी पड़ी उन्हें मरम्मत करायें।
मंत्री ने कहा कि जो कार्य अभी तक किया है, उससे बेहतर करने का प्रयास करो, तभी संभव होगा आप कार्य अच्छे से कर पायेगें। हम सभी जनपद कन्नौज को विकास के कार्यों में बहुत आगे तक लेकर जाये। जनपद को विकास में गति देने के लिये हम सभी को स्वयं से ही सोचना पड़ेगा। कहीं पर कोई समस्या आ रही हैं तो समस्या का निराकरण करना हम सब की जिम्मेदारी हैं। कहा कि सरकार की जो भी जनकल्याणकारी योजनायें संचालित हैं उनसे सभी पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित कराया जाये।
बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 स्वदेश गुप्ता आदि संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
