बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में संचालित गौशालाओं में चारे की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर से कृषि एवं सहयोगी विभाग द्वारा दान किए गए भूसा से लदी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के माध्यम से गौवंश संरक्षण के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता एवं विभागों की सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत हुआ।
उप कृषि निदेशक, भूमि संरक्षण अधिकारी (कृषि विभाग) एवं जिला प्रबंधक पी.सी.एफ. द्वारा 10-10 कुंतल, जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा 20 कुंतल तथा जिला कृषि अधिकारी द्वारा 59 कुंतल सहित कुल 109 कुंतल भूसा दान किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार सामूहिक प्रयासों से गौशालाओं में वर्षभर चारे की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है।
उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधानों के साथ समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह के भीतर अधिक से अधिक भूसा क्रय की कार्यवाही पूर्ण कराई जाए, ताकि पूरे वर्ष किसी भी गौशाला में भूसे की कमी न रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि गौसंरक्षण सामाजिक दायित्व है, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है। उक्त भूसे को नेरा, चौरा चांदपुर, बेहरिन एवं सौसरी स्थित गौशालाओं को भेजा जा रहा है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार, जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरदुल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

