कलेक्ट्रेट पर किया जोरदार प्रदर्शन
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। आज जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में ‘महिला जन आक्रोश अभियान’ के तहत विपक्षी सांसद घेराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन में जनपद की सैकड़ों महिलाओं ने एकत्रित होकर अपनी आवाज बुलंद की और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ (महिला आरक्षण बिल) का विरोध करने वाले जनप्रतिनिधियों के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया।
लोकसभा स्तर पर इस आंदोलन का नेतृत्व प्राची गुप्ता द्वारा किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य आयोजक दीप शिखा पाल रहीं।
प्रदर्शन का उद्देश्य उन राजनेताओं और सांसदों का घेराव व विरोध करना था जिन्होंने संसद में महिलाओं के हक और उनके सशक्तिकरण के लिए लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का विरोध किया था।
इन महिलाओं ने कहा कि “हक की लड़ाई में पीछे नहीं हटेगी नारी”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राची गुप्ता ने कहा कि जो दल और सांसद महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों के आड़े आ रहे हैं, उन्हें आगामी समय में जनता और विशेषकर नारी शक्ति कड़ा सबक सिखाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घेराव मात्र एक सांकेतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि उन ताकतों को चेतावनी है जो महिला सशक्तिकरण की राह में रोड़ा अटका रही हैं।
कार्यक्रम की आयोजक दीप शिखा पाल ने उपस्थित महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कन्नौज की धरती हमेशा से न्याय की पक्षधर रही है।
आज सैकड़ों महिलाओं की उपस्थिति यह सिद्ध करती है कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और विरोध करने वाले चेहरों को पहचान चुकी हैं।
कलेक्ट्रेट में आयोजित इस घेराव कार्यक्रम में रेखा दोहरे, विनीता चतुर्वेदी, सुनीता कटियार, कल्पना देवी, कमला देवी, गीता कुशवाहा, विमला कुमारी, सरोज सिंह, साधना सविता, मीना कश्यप, शीलू सिंह, मुन्नी देवी, शीतल बाथम, रीतू, राजेश्वरी, लक्ष्मी, आशा, सुधा, राधा, पुष्पा समेत सम्मानित मातृ शक्ति मौजूद रही। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और विपक्षी सांसदों की नीतियों की निंदा की।

