वसूली में सुधार और लंबित वादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व वसूली की वर्तमान स्थिति, निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धि तथा शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने हेतु विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान प्राप्त आँकड़ों के आधार पर खनन, मंडी, नगर निकाय, एआरटीओ, वन विभाग सहित कुछ विभागों में लक्ष्य के सापेक्ष अपेक्षित वसूली न होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रगति में ठोस सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व प्राप्ति शासन की प्राथमिकता है, अतः सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने शासन संदर्भों पर विशेष फोकस रखने तथा पुराने एवं लंबित राजस्व वादों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय राजस्व अधिकारियों को समय-सीमा वाले वादों का त्वरित निस्तारण करने तथा राजस्व वादों की साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से करने को कहा।
जिलाधिकारी ने घरौनी कार्य में अपेक्षित गति लाने और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कृषक दुर्घटना सहायता से संबंधित कन्नौज तहसील में 11, तिर्वा में 10 तथा छिबरामऊ में 24 आवेदन लंबित पाए जाने पर संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि इन आवेदनों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे पात्र कृषकों को समय पर सहायता मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र, समस्त उपजिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

