जेवर और नकदी लूटकर आरोपी फरार
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिले के तिर्वा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ उमरायपुर्वा गांव में सराफे की दुकान चलाने वाले एक व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। मृतक की पत्नी ने चार नामजद युवकों पर दावत के बहाने ले जाकर हत्या करने और लूटपाट करने का गंभीर आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी मनोज यादव पुत्र कश्मीर यादव उमरायपुर्वा गांव में सराफे की दुकान चलाते थे। बीते रविवार 10 मई की शाम करीब 6 बजे जब मनोज अपनी दुकान बंद कर रहे थे, तभी इलाके के ही चार युवक अंशुल यादव, अंकित पाल, दीपू पाल और नीटू यादव वहां पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि ये चारों युवक मनोज को यह कहकर अपने साथ गोवा गांव ले गए कि वहां दावत है। घटना के वक्त दुकान पर मौजूद मृतक के भतीजे हर्षवर्धन ने बताया कि उसके चाचा (मनोज) अपने साथ दुकान के कुछ सोने-चांदी के जेवरात और नकदी भी लेकर गए थे।
मृतक की पत्नी सोनी यादव के अनुसार, रात में फोन पर बात होने के दौरान मनोज ने बताया था कि वह उन चारों युवकों के साथ है और जल्द घर लौट आएगा लेकिन उसके बाद उनका फोन मिलना बंद हो गया। देर रात करीब 11 बजे पुलिस द्वारा सूचना दी गई कि मनोज बेहोशी की हालत में मिले हैं और उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। जब परिवार मेडिकल कॉलेज पहुंचा, तो वहां मनोज का शव मिला।
परिजनों ने बताया कि मृतक के शरीर और गर्दन पर चोट के गहरे निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। साथ ही, मनोज के पास मौजूद कीमती जेवर और नकदी भी गायब है। घटना के बाद से ही चारों आरोपी युवक फरार बताए जा रहे हैं।
मृतक की पत्नी सोनी यादव ने तिर्वा थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश और तनाव व्याप्त है।

